वाराणसी (उत्तर प्रदेश): बनारस रेल इंजन कारखाना में चारों नए श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी विभागों के नामित नोडल अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मजदूरी संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशाएं संहिता 2020 के प्रावधानों को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से ठेका श्रमिकों के ईपीएफ, ईएसआईसी, निर्धारित दर पर समयबद्ध वेतन भुगतान, वेतन पर्ची और पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर बल दिया। नोडल अधिकारियों को ठेकेदारों के अभिलेखों का गहन सत्यापन करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की हिदायत दी गई।
बैठक में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विपुल सिंह, मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेंद्र अग्रवाल व उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पॉल उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ